मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में 180 प्रशिक्षित नेचर गाइड्स को पंजीकरण प्रमाणपत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं तथा प्रशिक्षित नेचर गाइड्स राज्य में आने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्रदान करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को कौशल विकास से जोड़कर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने ईको-टूरिज्म, होमस्टे और एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने की सरकार की नीति दोहराते हुए कहा कि इससे पहाड़ी क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और पलायन को रोकने में भी मदद मिलेगी।








